गुरुवार, 13 मार्च 2014

प्रकृति पर विजय

गत अंक की चर्चा को सतत् रखते हुये
द्वैत और द्वैत के विज्ञान को मस्तिष्क में धारण किये हुये प्रत्येक प्राणी में विराजमान आत्मा को प्रधान अस्तित्व मानते हुये प्रत्येक प्राणी को सम भाव से देखना । यह सतपुरुषों का आचरण होता है । उपरोक्त आचरण के परिणाम स्वरूप उन सतपुरुषों की उपलब्धि होती है । प्रकृति पर विजय । विजय अर्थात आत्मा के वर्चस्व का जीवन । आसक्त आत्मा प्रकृति के पराधीन रहती है । पराधीन प्रकृति के गुणों के भोग के लिये । पराधीन प्रकृतीय घटकों के स्वामित्व के लिये । स्वतंत्र आत्मा । जो आत्मा प्रकृतीय गुणों के भोग की इच्छा से मुक्त हो । जो आत्मा प्रकृतीय घटकों के स्वामित्व की कामना से मुक्त हो । वह स्वतंत्र आत्मा है । स्वतंत्र आत्मा कर्म संविधान के प्रति निष्ठावान होगी । वह व्यक्ति योग की अवस्था में कार्य करने को तत्पर होगा । योग की अवस्था में कार्य करने से उसके कर्म त्रुटिपूर्ण नहीं होंगे । जिस व्यक्ति के कर्मदोष निवारण हो जावेंगे वह प्रगति करेगा । आत्मा आसक्त होती है प्रकृतीय गुणों के माध्यम से । आत्मा में विक्षेप उत्पन्न होता है प्रकृतीय गुणों द्वारा । आत्मा का प्रकृति पर विजय । प्रकृतीय गुणों की आसक्ति से आत्मा ना बँधे तो आत्मा द्वारा प्रकृति पर विजय है ।
इस कर्म प्रधान संसार में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है कर्मों की गुणवत्ता । कर्मों का उदय होता है आत्मा और प्रकृति के परस्पर द्वारा । स्वाभाविक है कि आत्मा और प्रकृति दो अलग अस्तित्व एक दूसरे के साथ संलग्न होते हैं । परस्पर में दोनो की व्यक्तिगत यथास्थिति जैसी होगी वैसा ही उसका योगदान होगा । प्रकृति ब्रम्ह की उत्पत्ति होते हुये भी अत्यधिक बलशाली है । आत्मा ब्रम्ह का अंश होने के नाते होता तो है पूर्ण समर्थ परंतु अपनी आसक्ति नामक रोग के कारण वह अपनी प्रतिभा गवाँ देता है । इसी खोई हुई क्षमता को फिर से प्राप्त करने के लिये समस्त प्रयत्न करने होते हैं ।

प्रयत्न जो भी किये जाने है वह प्रकृतीय शरीर के माध्यम से ही होगे । शरीर में भी सबसे ज्यादा योगदान सम्भव होगा मस्तिष्क द्वारा । इसीलिये समस्त सुधारात्मक प्रयत्नों में मस्तिष्क को अपनाने के लिये संस्तुतियाँ की गई हैं । वर्तमान विचाराधीन संस्तुति है कि प्रत्येक जीव में स्थिति आत्मा उसी एक निर्विकार ब्रम्ह का अंश है इसलिये प्रत्येक प्राणी को एक समभाव से देखा जाय । यदि शेर का स्वभाव क्रूर है तो यह प्रकृति के योगदान से है ना कि शेर में निहित आत्मा के कारण । यदि एक मनुष्य का शत्रु दूसरा मनुष्य उसे क्षति पहुँचा रहा है तो यह दूसरे मनुष्य की प्रकृति है जो उससे ऐसा करा रही है । यह विभेद जितना ही मस्तिष्क में स्पष्ट होगा और जितना ही प्रत्येक प्राणी में विद्यमान आत्मा को मान्यता मस्तिष्क प्रदान कर सकेगा उतना ही समदृष्टि आयेगी उसमें । उपलब्धि होगी प्रकृति पर विजय

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें