गुरुवार, 17 अप्रैल 2014

मुक्ति का साधन

ज्ञान (ब्रम्ह) का अंश आत्मा को अज्ञान (प्रकृति) के आवरण (शरीर) में रखा गया है । उद्देष्य होता है प्रकृति के प्रयोजनों की पूर्ति । प्रकृतीय गुणों के मोंहवश आत्मा अपने उद्देष्य के प्रति अचेत हो जाता है । यही मोंह उसका बंधन है । इसी बंधन के अधीन वह दु:ख भोगते इस शरीर उस शरीर की यात्रा करता है ।
मुक्ति का विचार करने पर दो पथ सम्मुख होते हैं । जिन्हे आत्मा विश्वास है उनके लिये कर्म पथ । कर्मों को सज्ञानपूर्वक करते मोंह बंधन से मुक्ति पाँवें । जिन्हे आत्मविश्वास नहीं है उनके लिये भक्ति पथ । प्रकृति की कृपा पर आश्रित होकर मुक्ति पाँवें ।

प्रकृति ही बंधन का कारण भी है । उसे ही मुक्ति का साधन बनावें । उसकी कृपा का पात्र बनकर । यदि प्रकृति आत्मा को किसी कारण मोंह बंधन में बाँधती भी है तो प्रकृति ही किसी परिस्थिति विषेस में आत्मा को मुक्ति भी देती है । प्रकृति ही बंधन का निमित्त भी है और प्रकृति ही मुक्ति का साधन भी है ।  

बुधवार, 16 अप्रैल 2014

लक्ष्य करें मुक्ति

इस जीवन मृत्यु के चक्र में यात्रा करती आत्मा की इस चक्र से मुक्ति । यह तभी मिल सकेगी जब आत्मा अपने ऊपर आच्छादित प्रकृतीय मोंह से मुक्त हो सकेगा । क्योंकि आत्मा उस चिर दिव्य परमात्मा में विलय के लिये उसी दशा में योग्य पात्र बनेगा जब वह अपने परमात्मा से विलगाव के समय की मौलिक स्वरूप अर्थात प्रकृतीय मोंह से मुक्त को प्राप्त कर लेगा । इस सत्य को कोई दूसरा सत्य पदस्थापित नहीं कर सकता ।
मुक्ति के लिये पथ का प्रश्न विचाराधीन होने पर गुरू योगेश्वर श्रीकृष्ण बताते हैं कि जिन्हे आत्मविश्वास है अपने कर्म पर नियंत्रण है उन्हे अपनाना होगा कर्म पथ । कर्म पर नियंत्रण अर्थात इच्छाजनित कर्मों का पूर्ण रूप से त्याग । परंतु यह पथ है किये जाने वाले कर्मों में कर्म फल की लिप्सा के त्याग का । सन्यास का । इसे दृढप्रतिज्ञ ही निर्वाह कर सकेगा । यह प्रवृत्ति है । कर्म करते हुये मुक्ति । इसके विपरीत निर्वृत्ति । ब्रम्ह के प्रगटस्वरूप प्रकृति सगुण ब्रम्ह की कृपा द्वारा मुक्ति । भक्ति पथ ।

दोनों ही पथों कर्म द्वारा अथवा भक्ति द्वारा एक ही लक्ष्य मुक्ति की यात्रा । प्रकृतीय मोंह से मुक्ति । यह लक्ष्य पर्याय है आत्मा की जन्म मृत्यु के दौर से मुक्ति । यह लक्ष्य पर्याय है चिर दिव्य ब्रम्ह के चिर आनंद में समाहित होने का । इस लक्ष्य को लक्षित करना ही जीवन का योग्य उपयोग है ।  

मंगलवार, 15 अप्रैल 2014

विक्षेप से मुक्त

गुरु योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि जिस मनुष्य की आत्मा समस्त प्रकृतीय मोंह से मुक्त हो जाती है वह आवा-गवन अर्थात जन्म-मृत्य के इस समुद्र से मुक्त करदी जाती है और परम् ब्रम्ह के स्वरूप में विलीन हो जाती है ।
आत्मा जो कि परम् ब्रम्ह का ही अंश होती है । उसे प्रकृति के मध्य रखने का प्रयोजन होता है । प्रकृति के प्रयोजनों की पूर्ति ही लक्ष्य होता है । इस लक्ष्य को प्राप्त करना आदर्श आचरण होता है । आत्मा प्रकृतीय मोंह से ग्रसित होकर इस लक्ष्य को पाने से च्युत होती है । यह विक्षेप ही उसको इस शरीर उस शरीर की यात्रा का निमित्त बनता है । इसलिये जो आत्मा प्रकृतीय मोंह से मुक्त होगी उसे आवागवन से मुक्ति मिलेगी । परम् ब्रम्ह के शाश्वत् पद में स्थान मिलेगा । वह चिर दिव्य शांति का भोग करेगा ।

समस्त अशांति का मूल विक्षेप है । प्रकृतीय मोंह से ग्रसित होना है । स्मरणीय है कि मूल स्वरूप में आत्मा ब्रम्ह की गरिमा से युक्त होता है । विक्षेप उसकी विकृति है । विकार से मुक्ति ही उसे पुन: श्रीपद में स्थान दिलाने वाला है । कर्म साधन है । 

सोमवार, 14 अप्रैल 2014

आराधना ध्यान समर्पण

निर्गुण ब्रम्ह का स्वरूप जाना नही जा सकता । उसके स्वरूप की कोई कल्पना नहीं की जा सकती । क्योंकि वह पूर्ण रूप से अलौकिक स्वत: अस्तित्व है । उसे जानने के समस्त उपलब्ध साधन लौकिक जगत के हैं । ऐसे में जब निर्गुण ब्रम्ह की आराधना करने का या ध्यान करने का अथवा उसके प्रति समर्पित होने का लक्ष्य मस्तिष्क में धारण कर कोई प्रयत्नशील होता है तो उसके सामने सबसे पहली और ज़टिल समस्या यह उपस्थित होती है कि वह कौन सा रूप मस्तिष्क में धारण करके उसकी आराधना करे या उसका ध्यान करे अथवा उसके प्रति समर्पित होवे । आम अभ्यास यह होता है कि किसी की आराधना करने या ध्यान करने अथवा उसके प्रति समर्पित होने के लिये उसके रूप की कोई छवि मस्तिष्क में होनी चाहिये ।

उपरोक्त के विपरीत निर्गुण ब्रम्ह के प्रकृतीय स्वरूप अर्थात सगुण ब्रम्ह की आराधना या ध्यान अथवा उसके प्रति अपने को समर्पित करने की दशा में साधक के सम्मुख मस्तिष्क में धारण करने के लिये एक निष्चित स्वरूप की छवि उपलब्ध होती है । इसलिये तुलनात्मक रूप से यह सुगम होता है । सगुण ब्रम्ह को जीव के प्रति करुणामय, दयामय, वात्सल्य भाव, रक्षक भाव के विभिन्न स्वरूपों में बताया जाता है । तद्नुसार उसकी अनेको छवियाँ प्रचलित की गई हैं । इसलिये साधक को सगुण ब्रम्ह की आराधना या ध्यान अथवा उसके प्रति समर्पित होना आसान लक्ष्य होता है ।  

रविवार, 13 अप्रैल 2014

निर्गुण सगुण

ब्रम्ह चिर दिव्य शांत स्वत: अस्तित्व है जो कि पूर्णतया अलौकिक है । इसे लौकिक जगत के ज्ञेय मानको से जाना नहीं जा सकता है ।
प्रकृति ब्रम्ह की उत्पत्ति है । रचना है । यह गुणों से युक्त है । ज्ञान के लिये सुलभ है । यही मनुष्य के लिये ज्ञेय सीमा भी है ।
योग की मस्तिष्क की दशा में कार्य करने का सुझाव । कर्मयोग । यह सगुण प्रकृति की सेवा का ही सुझाव है ।
इसी प्रकृति को ही ब्रम्ह का साकार रूप मान ब्रम्ह की ही सेवा का भाव संजो कार्य में तत्पर होना ही सगुण उपासना है ।

चारो वेद इसी सगुण ब्रम्ह की अस्तूति गाते हैं । 

शनिवार, 12 अप्रैल 2014

प्रकृति देव

गुरू योगेश्वर श्री कृष्ण ने अर्जुन के प्रश्न का उत्तर देते हुये बताते हैं
जो मनुष्य मेरे प्रकृति स्वरूप को ईश्वर के समान सम्मान मस्तिष्क में धारण कर पूर्ण समर्पण की भावना से अपने समस्त कर्मों को सेवा भाव से करता है उसे कर्मयोग की उपलब्धि होती है ।

परम् ब्रम्ह पूर्णतया अलौकिक स्वत: स्तित्व है उसका प्रगट ज्ञेय स्वरूप प्रकृति है प्रकृति भी ईश्वर तुल्य है इसमें सृजन क्षमता है, पालन क्षमता है, संहार क्षमता है वैयक्तिक ईश्वर प्रकृति अपनी समस्त संतानो  जीवों को प्यार करती है उनकी हर सम्भव सहायता करती है । उन्हे अपने समस्त सुधार के प्रयत्नों में उनको सफलता प्रदान करती है । 

शुक्रवार, 11 अप्रैल 2014

प्रकृति विज्ञान

परम् ब्रम्ह ने प्रकृति के रूप में अपने विज्ञान को प्रगट किया है । इस विज्ञान की महिमा कि यह मानों निर्गुण निर्विकार ब्रम्ह को जैसे प्रगट करता है । इस विज्ञान की महिमा कि जैसे यह कर्ता ब्रम्ह की कर्ता क्षमता को मानो प्रगट करता है । इस विज्ञान की महिमा की यह प्रकृति सृजन क्षमता, पालन क्षमता, तथा संहार की क्षमता से युक्त है । इस विज्ञान की अद्भुद क्षमता कि यह प्रकृति अपने अंदर संजोये हुये है वह क्षमता कि यह समस्त भोगों की स्वयँ भोक्ता भी है, समस्त आहुँतियों की ग्रहणकर्ता भी है ।
योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि जिस मनुष्य को परम् ब्रम्ह के उप्रोक्त वर्णित प्रकृत विज्ञान का स्वच्छ स्वरूप दर्शन हो जाता है वह फिर अपने कर्तापन के अहंकार को मिटा ब्रम्ह की अनुभूति में ब्रम्ह की गरिमा में विलीन हो जाता है ।
इस सृष्टि में जो कुछ भी कर्म हो रहा है वह समस्त ब्रम्ह स्वयं अपने ही कर रहा है । यह प्रकृति के रूप में फैला हुआ उसका अद्बुद विज्ञान कर रहा है । ब्रम्ह ने इस विस्तृत प्रकृति की व्यापक विज्ञान क्षमता को प्रगट करने के लिये ही अपने ही अंश आत्मा को इस प्रकृति के मध्य भ्रमित होते व्यक्त किया है । जो आत्माधारक इस सत्य को अनुभव कर अपने को इस प्रकृति की कृपा के लिये प्रकृति को अर्पित कर देता है उसे प्रकृति विषेस कृपा स्वीकृत करते हुये उसके मित्र के रूप में, उसके गुरू के रूप में, उसके माता-पिता के रूप में, उसके हितैषी के रूप में उसे रक्षा कवच भी प्रदान करती है । परंतु यह समस्त कृपा उसे एक ही दशा में प्रकृति प्रदान करती है जब वह अपने प्रकृतीय मोंह रूपी व्याधि से मुक्त होने के लिये सचेष्ट होने में प्रकृति से याचना करता है । याचना भी पूर्णसमर्पण द्वारा ।

इस व्यापक प्रकृति में ब्रम्ह का व्यापक विज्ञान पिरोया है । यह दोष सृजन भी करती है । दोष का निवारण भी करती है । यह मोंहमें नचाती भी है । उबारती भी है । इससे संघर्ष करके कोई पार नहीं पा सकता । इससे पार पाने का एक ही उपाय है इसकी कृपा । जो महात्मा इसकी कृपा का पात्र बनजाता है उसे इसकी कृपा के प्रभाव से उपरोक्त विज्ञान भी विदित हो जाता है और प्रकृतीय मोंह की व्याधि से मुक्ति भी पाता है । परिणामत: वह ब्रम्हनिर्वाण की स्थिति का भोग करता है । यह व्यापक प्रकृति समस्त सृष्टि की शासक है । धारक है । नियंत्रक है । मित्र भी है । गुरू भी है । माता-पिता भी है । शत्रु भी है । कृपालु होने पर सहायक भी है । यह समस्त रूप ब्रम्ह के विज्ञान की महिमा के प्रभाव से उसमें हैं । ब्रम्ह के इस व्यापक विज्ञान के कृपापात्र बन इसकी कृपा के माध्यम से ब्रम्हनिर्वाण की स्थिति का भोग करें । यह योग्य मत है । 

गुरुवार, 10 अप्रैल 2014

परम् पद दशा

योगेश्वर श्रीकृष्ण कहते हैं
निर्मान मोंहा          जितसंग़्दोषा ।
आध्यात्मनित्या     विनिवृत्तकामा: ।
द्वंदैर्विमुक्ता:         सुखदु:खसंज्ञै ।
गर्च्छंत्यमूढा:       पदमव्ययं  तत् ।

जो लोग अभिमान और प्रकृतीय मोंह से मुक्त हो गये हैं, जिन्होने इंद्रियों के विषयभोग की आसक्तियों को जीत लिया है, जिनकी सभी इच्छायें शांत हो गई हैं, जो अपने अंदर विद्यमान आत्मा में निहित ब्रम्ह की गरिमा में प्रतिपल लीन रहते हैं, जो बिना फल की आसक्ति के कर्म करने के अभ्यासी होते हैं, जो लोग सुख और दु:ख के द्वैत से मुक्त हो गये हैं, वे शाश्वत् पद दशा को प्राप्त होते हैं ।    

बुधवार, 9 अप्रैल 2014

निर्वाण

योगेश्वर श्रीकृष्ण बताये कि
जो व्यक्ति मुक्ति के लिये कटिबद्ध होकर प्रयत्नशील होता है उसे मुक्ति अवश्य मिलती है । प्रकृतीय मोंह में आसक्त होना बंधन होता है । यह मोंह की वृद्धि करता है । प्रकृतीय मोंह से मुक्त होना मोक्षहोता है । मोक्ष का उपाय बताते हुये कहते हैं
जो व्यक्ति अपने दोनों आँखों की दृष्टि को दोनों भौंहों के मध्य केंद्रित कर, दोनों नाँकों में प्रवाहित होने वाली अंदर जाने वाली तथा बाहर निकलने वाली श्वासों को सम कर, अपनी सकल इंद्रीय वासनाओं को नियंत्रित कर, अपने मस्तिष्क पर पूर्ण नियंत्रण रखते हुये, इच्छाओं और क्रोध पर विजय करके प्रयत्नशील होता है उसे निर्वाण अवश्य मिलता है ।
वास्तविकता में हर प्रत्येक में सद् विचार के द्योतक देव तथा दुर्विचार के सूचक दानव दोनों ही विद्यमानरहते हैं । कौन किन विचारों अर्थात देव व दानव किसे विकसित करने के लिये वातावरण प्रदान करता है । यह अवसर उसके किये जाने वाले कर्मों द्वारा उत्पन्न होते हैं । किये जाने वाले कर्मों की प्रेरणा ग्रहण करने वाले श्रोत से पैदा होते हैं । जो व्यक्ति इन समस्त तथ्यों को जानते हुये, इन्हे अपने वश में रखते हुये प्रयत्न करेगा उसे सफलता अवश्य मिलेगी ।

बंधन ही दु:खों को प्रशस्थ करता है । मुक्ति ही आनंद को प्रशस्थ करता है । जैसा कर्म करेगें वैसा फल पायेंगे । कर्म करने की विधा को विस्तार से वर्णन किया गया । इन्हे अपनाना या त्यागना प्रत्येक की अपनी रूचि है । 

मंगलवार, 8 अप्रैल 2014

यति

योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि,

जिन तपस्वी आत्माओं नें यतियों ने अपने आप को इच्छा और क्रोध से मुक्त कर लिया है, जिन्होने अपने मस्तिष्क को वश में कर लिया है और जिन्होने अपनी आत्मा को जान लिया है, परमात्मा का परम् आनंद ब्रम्हनिर्वाण उनके निकट ही विराजमान रहता है । वे आत्मा की चेतना में जीवन जीते रहते हैं । यहाँ इस संसार में आनंदमय जीवन का यही वास्तविक स्वरूप होता है । 

सोमवार, 7 अप्रैल 2014

ब्रम्हनिर्वाण का सुपात्र


योगेश्वर श्रीकृष्ण ने ब्रम्हनिर्वाण की दशा को बताने के उपरांत यह बताया कि इस दशा को पाता कौन है । ब्रम्हनिर्वाण की दशा । दशा जिसमें मनुष्य समस्त खुशियाँ अपने ही अंत:करण में निहित पाता है । दशा जिसमें समस्त खुशियों के श्रोत को मनुष्य अपने ही अंत:करण में निहित पाता है । दशा जिसमें मनुष्य अज्ञान अर्थात प्रकृतीय मोंह के अंधकार को ज्ञान अर्थात् आत्मा में ब्रम्ह की गरिमा का बोध करके नष्ट कर आनंदित रहने की दशा प्राप्त करता है । ऐसे मनुष्य के लिये बताया कि ब्रम्ह के साथ एकीकरण हो जाता है । ब्रम्हनिर्वाण की दशा को प्राप्त होता है । परंतु यह दशा हर मनुष्य को तो नहीं मिल जाती है । फिर किसे मिलती है यह दशा । तो योगेश्वर कृपापूर्वक बताते हैं कि यह दशा उन मनुष्यों को प्राप्त होती है जो अपने समस्त पापों को नष्ट कर पवित्र हो चुके हैं । पाप क्या होते हैं । इच्छाजनित कार्यों को करना पाप होता है । जो मनुष्य इच्छाजनित कार्यों को करता ही नहीं है । फिर करता कौन से कर्म है । प्रकृति द्वारा आदेशित । प्रकृति द्वारा अपेक्षित । ऐसा मनुष्य पाप से मुक्त हो जाता है जो इच्छाजनित कार्यों को करता ही नहीं है । इच्छाजनित कार्यों को कौन नहीं करता है । जो मनुष्य योग की मस्तिष्क की दशा में अपने समस्त कार्य करता है । योगी । योगी जिसके समस्त पाप नष्ट हो चुके हैं । जो प्रकृति द्वारा अपेक्षित तथा प्रकृति द्वारा आदेशित कार्यों को ही करता है । ऐसा मनुष्य योग्य पात्र बन जाता है । क्या पाने के लिये । ब्रम्हनिर्वाण की दशा । ब्रम्ह के साथ एकीकरण की दशा । ब्रम्ह को अपने अंत:करण में आत्मा के स्वरूप में प्रकाश स्तम्भ के रूप में पाना । जीवनकी सर्वाधिक उच्चतम स्थिति । आत्मा का बोध होना । यह दशा पाने का पहला प्रमाण पापरहित । इच्छाजनित कार्यों को ना करना । पहली अनिवार्य वाँक्षना । दूसरी अनिवार्य वाँक्षना जो कि पहली वाँक्षना पापरहित प्राप्त होने पर प्रतिफल के रूप में मिलेगी । सुख दु:ख के द्वंद से मुक्त । इच्छा की पूर्ति में मिलने वाला फल सुख । इच्छा के अपूर्ण रहने में मिलने वाला दु:ख । कौन इन सुख और दु:ख के द्वंद से मुक्त होगा । जो इच्छाजनित कार्यों को करेगा ही नहीं । योगी । इसप्रकार योगी सुपात्र होता है ब्रम्हनिर्वाण की दशा पाने के लिये । इस ब्रम्हनिर्वाण की दशा पाने का फल क्या होगा । वह योगी समूचे जगत के हित के लिये कार्य करने में आनंदित रहने लगेगा । इस स्थल पर यह अंकन विषय के अनुकूल होगा कि हित भौतिक सुख पहुँचाने वाली स्थितियों को पाने के लिये सहायता करने में नहीं निहित होता अपितु आत्मा का बोध कराने जिससे समस्त सुख दु:ख का द्वंद उत्पन्न करने वाला अज्ञान का अंधकार नष्ट होता है को कराने में हित होता है । ब्रम्हनिर्वाण की स्थितप्राप्त योगी ही समाज का सच्चा हितैषी होता है । 

रविवार, 6 अप्रैल 2014

ब्रम्हनिर्वाण

योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि जो मनुष्य अपना सुख अपने अंत:करण में निहित पाता है । जो मनुष्य समस्त खुशियाँ अपने अंत:करण में अनुभव करता है । जो मनुष्य ज्ञान को अपने अंत:करण में पिरोया अनुभव करता है । ऐसा समस्त अनुभव करने वाले मनुष्य का ब्रम्ह के साथ एकीकरण हो जाता है । ऐसे मनुष्य की दशा ब्रम्हनिर्वाण कही जाती है । ब्रम्हनिर्वाण की स्थिति पूर्ण ज्ञान और पूर्ण आत्मनियंत्रण की एक परिभाष्य दशा है । यह मात्र क्षणिक अनुभव नहीं है । इस ब्रम्हनिर्वाण की दशा को प्राप्त योगी ब्रम्ह में लीन ब्रम्ह का ज्ञानी ब्रम्ह में जीवन जीता है । 

शनिवार, 5 अप्रैल 2014

सुख का रहस्य

योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि जो इंसान अपने जीवनकाल में अपने अंत:करण में उठने वाले इच्छाओं और क्रोध के तूफान को अंकुश कर इन पर विजय प्राप्त कर सकेगा वही इस संसार में सुखपूर्वक जीवन जीयेगा । वही इंसान योगी होगा । वही इंसान ब्रम्ह की दिव्य शांति को पा सकेगा । यह सुखमय जीवन इसी वर्तमान जीवनकाल में ही जीने की कल्पना ही योग्य विचार है । इन सभी सुझाओं को इसी वर्तमान जीवन की अवधि में ही अपनाकर इसी वर्तमान जीवन को ही सुखमय बनाने हेतु हैं । यह समस्त सुझाव किसी भविष्य के जीवन अवधि के लिये नहीं हैं । समस्त अशांति दु:ख का मूल होती हैं मनुष्य की अपनी इच्छायें । इसलिये इन्ही इच्छाओं को वश में करना ही सबसे अधिक पुरुषार्थ का विषय है । इन्ही इच्छाओं पर विजय पाना ही योग्यतम प्रयत्न है । क्रोध तो प्रतिफल होता है । इच्छाओं की पूर्ति ना होने की दशा में उत्पन्न होता है । कंचिद यदि इच्छाओं को वश में कर लिया जाय तो क्रोध का जन्म ही नही होगा । इन समस्त उपलब्धियों को पाने के लिये मस्तिष्क की योग की अवस्था में कार्य करने का अभ्यास ही योग्यतम सुझाव है । 

शुक्रवार, 4 अप्रैल 2014

दु:खों के श्रोत

योगेश्वर श्रीकृष्ण ने बताया कि जो सुख मनुष्य प्रकृति के मोंह से पाता है वह वास्तविकता में उसके दु:ख का कारण बनता है । ऐसे सुख समय की सीमाओं से बँधे होते हैं । ऐसे सुखों का कहीं प्रारम्भ व कहीं अंत होता है । इसलिये कोई भी बुद्धिमान व्यक्ति ऐसे सुखों के मिलने पर हर्षित नहीं होता है । ऐसे सुख मनुष्य की अपनी इच्छाओं की पूर्ति होने पर प्राप्त होते है और उनके समाप्त हो जाने पर उनके आभाव का दु:ख उसे सताता है । इस प्रकार वे दु:ख के निमित्त बनते हैं ।   

गुरुवार, 3 अप्रैल 2014

ब्रम्हसुख

आत्मा अपने मौलिक स्वरूप में ब्रम्ह की चिर दिव्य शांति से युक्त होता है । आत्मा की यह चिर दिव्य शांति प्रकृतीय मोंह के विकार से बाधित होती है । परिणामत: अशांति प्रगट होती है । इसलिये जो भी मनुष्य अपने को प्रकृतीय मोंह से सुरक्षित करने में सफल होगा वह अपनी आत्मा के मौलिक चिर दिव्य शांति का अनुभव कर सकेगा । ब्रम्ह के शांत स्वरूप का भोग कर सकेगा । समस्त कलह विकार पराजित होंगे । समस्त अशांति का श्रोत प्रकृतीय संसर्ग के माध्यम इंद्रीय गुणभोग होती है । इसलिये जो मनुष्य अपनी इंद्रीय गुणों के भोग की आसक्ति को विजय करने में सफल होता हैं वह आत्मा में विद्यमान चिर दिव्य शांति के रस का भोग करेगा । ब्रम्ह हमारे आपके अंदर विद्यमान है । मात्र वह व्याधियों से आच्छादित है । उस ब्रम्ह को पाने के लिये हमें कुछ भी अन्य नहीं करना है बल्कि मात्र जो व्याधियाँ उसे ढके हुये हैं उन्हे नोचकर हटा देना है । व्याधियों को हटजाने पर भोक्ता आत्मा अपने चिर दिव्य शांति का रसभोग स्वयं करेगी । यह ऐसा रस है जो कि इसी रसमें ही मिलेगा कहीं अन्यत्र नहीं । जो आत्मा अपने ही आनंद रस का भोग करेगी वह फिर प्रकृतीय मोंह की ओर प्रवृत्त नहीं होगी । ज्ञान अज्ञान के आवरण से ढका हुआ है । अज्ञान के अंधकार को ज्ञान का प्रकाश ही पराजित करेगा । 

बुधवार, 2 अप्रैल 2014

ईश्वर की छवि

मस्तिष्क की दशा का नियंत्रण । कर्ता स्वरूप की धारणा । यह दो प्रधान उपलब्धियाँ हासिल करने वाला कर्मयोगी । मस्तिष्क जो कि अनुकूल परिणामों के उपलब्ध होने पर हर्ष का अनुभव ना करे । मस्तिष्क जो कि विपरीत परिणामों के उपस्थित होने पर दु:ख का अनुभव ना करे । मस्तिष्क की उपरोक्त दोनों ही दशाये नामत: अनुकूल परिणाम मिलने पर हर्षित होना तथा विपरीत परिणाम उपस्थित होने पर दु:खी होना हर प्रत्येक मनुष्य के लिये सामान्य दशायें होती हैं । परंतु मस्तिष्क की दशा जिसमें अनुकूल परिणाम से हर्ष ना हो तथा विपरीत परिणाम से दु:ख ना हो यह विषेस प्रयत्नों द्वारा ही हासिल हो सकती है । यही मस्तिष्क की दशा उत्पन्न कर कार्य करने वाला कर्मयोगी ।

कर्मयोगी की मस्तिष्क की दशा हासिल करने के लिये अनिवार्य वाँक्षना होती है कि मस्तिष्क पूर्णरूप से प्रकृति के कर्ता स्वरूप को धारण कर सके । समस्त कर्मों की कर्ता प्रकृति है । यह स्वरूप जिस मस्तिष्क में स्थापित हो जावेगा वही हासिल कर सकेगा वह दशा जिसमें कार्य के अनुकूल परिणाम से हर्ष का अनुभव ना होवे तथा कार्य के विपरीत परिणाम से दु:ख ना होवे । यह कर्ता स्वरूप धारण करने वाला ही ईश्वर के अस्तित्व का सवच्छ स्पष्ट रूप का दृष्टा होता है । वही ईश्वर के रूप में विभोर जीवन जीता है । ऐसे व्यक्ति का मस्तिष्क कभी भी किसी भी परिस्थिति में ईश्वर की क्षवि से विचलित नहीं होता है । ईश्वर की उपरोक्त छवि का दर्शन पाने वाला उसी छवि में विलीन होकर अपना जीवन जीता है । ईश्वर के उसी छवि में समा जाता है । 

मंगलवार, 1 अप्रैल 2014

मोंह से मुक्त

ब्रम्ह का निष्कलंक, निरंजन स्वरूप । कलंक होता है पाप । धर्म का निर्वाह ना करना पाप । अपेक्षित आचरण धर्म । निष्कलंक होना है पाप से रहित होना । जिसका समस्त आचरण धर्मवत् होवे । जिसका समस्त आचरण अपेक्षानुरूप होवे । निरंजन । प्रकृति से अछूता । प्रकृतीय मोंह से रहित । प्रकृतीय मोंह से मुक्त । यह स्वरूप है ब्रम्ह का । अपनी आत्मा में ब्रम्ह स्वरूप का बोध । प्रत्येक प्राणी में निहित आत्मा में निष्कलंक, निरंजन ब्रम्ह का दर्शन । समदर्शी । समदर्शी होगा प्रकृतीय मोंह से मुक्त ।
कार्य को करते हुये कार्य के परिणाम से सम्बंध ना रखना । सन्यास । सन्यासी होगा प्रकृतीय मोंह से मुक्त । कार्य करते हुये मस्तिष्क की दशा । कार्य के परिनाम से सम्बंध ना रखने वाली । ऐसी दशा का धारक । सन्यासी ।
कार्य के परिणाम से ना प्रभावित होने वाला । योगी । मस्तिष्क की दशा जिसमें कार्य के कर्ता के मस्तिष्क पर कार्य के परिणाम से प्रभाव ना पहुँचे । योग । कार्य करने का निमित्त स्वयँ कार्य ही होवे । योग । कार्य करते हुये कार्य के परिणाम से सम्बंध ना होवे । योग । सन्यास । योगी ही सन्यासी होता है । केवल एक ही कर्म की क्रियाकाल में अलग अलग समय पर स्थितियाँ है ।
हमारे आपके अंदर विद्यमान आत्मा । अपनी आत्मा का बोध । अपनी आत्मा में ब्रम्ह के निष्कलंक, निरंजन स्वरूप का बोध । प्रत्येक प्राणी में विद्यमान आत्मा में निष्कलंक, निरंजन ब्रम्ह का दर्शन । समदर्शी । यह सभी स्थितियाँ प्रगट करती हैं प्रकृतीय मोंह से मुक्ति । मोक्ष ।

मोक्ष का साकार स्वरूप इसी जीवन को जीते हुये पाना ही एकमात्र सार्थक प्रयत्न होगा । मोक्ष की कल्पना जीवन के उपरांत करना एक भ्रम मात्र । जीवन जीते मोक्ष पाना । जीवन जीते प्रकृतीय मोंह से मुक्त होना । ब्रम्ह की गरिमा के अनुरूप जीवन जीना । यही योग्यतम लक्ष्य हैं जीवन जीने हेतु । चिर दिव्य शांत जीवन की कल्पना । कलह से मुक्त । द्वेष से मुक्त । द्वंद रहित । इन समस्त उपलब्धियों की एकाकी वाँक्षना । प्रकृतीय मोह से मुक्ति ।