शनिवार, 23 नवंबर 2013

ज्ञान यात्रा

इस सृष्टि में परम ब्रम्ह ही एक मात्र ज्ञेय है । ज्ञेय को जानना ही ज्ञान है । ज्ञेय को जानने के लिये अपनाये गये मार्ग को भी ज्ञान ही कहा जाता है । आत्मा, प्रकृति, और कर्म यह तीनों ही स्वाधीन नहीं हैं, बल्कि एक ही ब्रम्ह के तीन प्रगट रूप हैं । 
मनुष्य का जन्म इस संसार में हुआ है कर्म करने के लिये । यह सृष्टि कर्म प्रधान है । कर्म सृजित होता है प्रकृति और आत्मा की परस्पर क्रिया द्वारा । प्रकृति गुणयुक्त होती है । आत्मा प्रकृति के गुणों का भोक्ता होता है । आत्मा प्रकृति के गुणों में आसक्ति सृजित कर लेता है । इस आसक्ति के सृजन से आत्मा ब्रम्ह के कर्म संविधान के प्रति अचेत हो जाता है । परिणामत: त्रुटिपूर्ण कार्यों को प्रेरित करने लगता है । यह अवाँक्षित होता है । प्रकृति की मर्यादा न्यायपूर्ण होती है । अत: वह आत्मा के त्रुटिपूर्ण कर्मों के लिये उसे दण्डित करती है । दण्ड भोगते आत्मा पीडित होती है । तब वह सोचने को बाध्य होती है कि इस पीडा से उबरने का उपाय क्या है । उपाय मात्र एक होता है । जिन त्रुटिपूर्ण कर्मो के कारण उसे दण्डित किया गया है वह उनकी पुनरावृत्ति न करे । परंतु त्रुटिपूर्ण कर्मों का सृजनश्रोत अर्थात प्रकृति के गुणों में आसक्ति से उबरना आत्मा के लिये इतना आसान नहीं होता है । अनंत जन्मों से आत्मा प्रकृति के गुणों का भोग करते उसमें आसक्त होते आयी है । इसलिये प्रकृति के गुणों में आत्मा की आसक्ति उसका सहज़ स्वभाव बन गया होता है । फिर मुक्ति मिले कैसे ? भगवान के शरण में प्रश्र्य ही सरलतम पथ है ।
भगवान कृपालु हैं । वह अपने शरण में आये को अपनी कृपा की छाया अवश्य प्रदान करते हैं । उनकी कृपा हो जाने पर सब कुछ सुगम हो जाता है । वही सृजन कर्ता है । प्रकृति भी उन्ही की उत्पत्ति है । जब भगवान की कृपा हो जावेगी तो प्रकृति का कोप भी शांत हो जावेगा ।
भगवान स्वयँ बताते हैं कि भक्ति ही सभी सुखों का मूल है जड है । भक्ति ही सरलतम पथ है भगवान को पाने का उनकी कृपापात्र बनने का । भगवान की भक्ति मिलती है संत की कृपा से ।
भगति तात अनुपम सुखमूला । मिलहिं जो संत होहिं अनुकूला ॥
भगति कि साधन कहहुँ बखानी । सुगम पंथ मोहि पावहिं प्राणी ॥  

  प्रभु नारायण श्रीमन नारायण श्रीमन नारायण प्रभु नारायण प्रभु नारायण नारायण नारायण श्रीमन नारायण नारायण नारायण श्रीमन नारायण नारायण नारायण प्रभु नारायण नारायण नारायण प्रभु नारायण श्रीमन नारायण श्रीमन नारायण

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें